कोण्डागांव-
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायतों में क्यू-आर कोड सुविधा शुरू की गई है। इस पहल के तहत अब ग्रामीण अपने पंचायत क्षेत्र में विगत तीन वर्षों में हुए कार्यों की विस्तृत जानकारी मोबाइल पर प्राप्त कर सकेंगे।

जिला कार्यालय में आयोजित समय-सीमा बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना और सीईओ जिला पंचायत अविनाश भोई की उपस्थिति में जनपद पंचायत कोण्डागांव के 10 ग्राम पंचायतों के सरपंचों को क्यू-आर कोड प्रदान किए गए।

क्यू-आर कोड को स्मार्टफोन के कैमरे से स्कैन करने पर संबंधित ग्राम पंचायत में क्रियान्वित सामुदायिक एवं हितग्राही मूलक कार्यों की जानकारी पीडीएफ प्रारूप में मोबाइल पर सहज और त्वरित रूप से प्राप्त होगी।


जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई ने बताया कि “इस क्यू-आर कोड की सुविधा से योजना में पारदर्शिता बढ़ेगी और ग्रामीणों तथा जनप्रतिनिधियों को जानकारी प्राप्त करने के लिए जिला या जनपद पंचायत कार्यालय तक आने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे समय की बचत होगी और ग्रामीण तकनीकी रूप से अधिक सक्षम बनेंगे।

