वृ़द्वाश्रम पहुंचकर सुविधाओं का लिया जायजा
कोण्डागांव
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने आज लाइवलीहुड कॉलेज के नवनिर्मित बालक छात्रावास भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन के सभी कक्षों का जायजा लिया और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष कार्यों को 30 अगस्त तक पूर्ण कर शीघ्र हैंडओवर करें।
साथ ही सभी कार्य पूर्ण होने के पश्चात प्रशिक्षणार्थियों को शीघ्र प्रशिक्षण प्रारम्भ करने हेतु प्रभारी अधिकारी आजीविका महाविद्यालय को निर्देशित किया। उल्लेखनीय है कि 100 सीटर बालक छात्रावास भवन का निर्माण कार्य पूर्णता की ओर है। इस भवन के बनने से जिले के दूरस्थ अंचलों से लाईवलीहुड कॉलेज में कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षणार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिलेगी। उन्होंने इस दौरान उन्होंने भवन से मुख्य मार्ग तक पहुंच के लिए सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इसके पश्चात उन्होंने वृद्धाश्रम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वृद्धजनों से संवाद कर भोजन एवं आवासीय और उनके लिए खेल सामग्रियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित संस्था को बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने प्री मेट्रिक कन्या छात्रावास का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर दोनों भवन के मरम्मत कार्य हेतु कार्ययोजना बनाने और विद्युत व्यवस्था में सुधार हेतु विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही साफ सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई सहित लोक निर्माण विभाग और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

