कोण्डागांव
कोण्डागांव विधायक एवं भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी ने संबलपुर व बड़ेबेंदरी गांव में कुल 4 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इनमें सबसे महत्वपूर्ण एवं बहुप्रतीक्षित कार्य के रूप में बड़ेबेंदरी से शंकर नगर तक 3.65 किमी लम्बाई की डामरीकरण सड़क एवं पुलिया निर्माण का भूमिपूजन किया गया, जिसकी लागत 391.532 लाख रुपये है। ग्रामवासियों ने इस ऐतिहासिक मांग के पूरा होने पर खुशी जाहिर करते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया।

इसी के साथ विधायक निधि एवं अन्य योजनाओं से भी कई कार्यों का शुभारंभ किया गया। इनमें बड़ेबेंदरी के सिराहा कोना मुरारी पारा में सामुदायिक भवन (लागत 6 लाख रुपये), ग्राम पंचायत संबलपुर में सात बहनी परदेसीन माता मंदिर गुड़ी के पास सांस्कृतिक भवन (लागत 4 लाख रुपये) तथा मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना अंतर्गत अटल समरसता भवन (लागत 19.38 लाख रुपये) का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है। कार्यक्रम में बड़ेबेंदरी में ही सहकारी समिति गोदाम सह दुकान (लागत 21 लाख 10 हजार रुपये) और कैलाश भारद्वाज घर से स्कूल तक सीसी रोड (लंबाई 300 मीटर, लागत 8.71 लाख रुपये) का लोकार्पण भी विधायक लता उसेंडी ने किया।
इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, ग्राम सरपंच बुधराम नेताम, मंगतू नेताम, विक्रम सोरी, तुरेश्वर कश्यप, अमीरचंद पटेल, कैलाश पटेल, सुरेश देवांगन, खेम मानिकपुरी, प्रेमबत्ति कोर्राम, प्रेमसिंह नाग, बालसिंह बघेल, विष्णु कश्यप, जनपद सदस्य फगेस्वरी कश्यप, सविता कोर्राम मंडल उपाध्यक्ष गणेश मानिकपुरी, सोहन कश्यप, सुफल दास, उप सरपंच सुरेश भारती, हीरा राठौर सहित अनेक गणमान्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामवासियों ने विधायक का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से न केवल ग्रामीण अंचल का विकास होगा बल्कि संबलपुर एवं बड़ेबेंदरी के लोगों को आवागमन, सांस्कृतिक गतिविधियों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी नई गति मिलेगी।

